अमराडण्डी के सरस्वती शिशु मंदिर में गूंजा ‘वंदे मातरम’, देशभक्ति से सराबोर हुआ परिसर


रिपोर्टर: जियाउद्दीन अंसारी, संभागीय ब्यूरो चीफ, शहडोल (म.प्र.) – जन सरोवर प्राइम पत्रिका
धनपुरी/शहडोल। अमराडण्डी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धनपुरी नंबर 3, जिला शहडोल में आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारत की राष्ट्रीय चेतना, प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यालय परिसर में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य श्री गिरवर सिंह धुर्वे के नेतृत्व में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान समस्त छात्र-छात्राओं, आचार्य परिवार एवं विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया गया।
पीले और मैरून रंग की गणवेश में सजे नन्हें-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षा के भैया-बहनों ने पंक्तिबद्ध खड़े होकर एक स्वर में वंदे मातरम का गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री गिरवर सिंह धुर्वे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय चेतना, एकता और अखंडता का प्रतीक है।” उन्होंने बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित इस अमर गीत के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास होता है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महोदय, व्यवस्थापक महोदय, सदस्यगण, समस्त आचार्यगण एवं दीदी जी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ गायन में सहभागिता की। अध्यक्ष महोदय द्वारा भैया-बहनों को राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस तरह के देशभक्ति कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।



