रामनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी में प्रयुक्त आइसर ट्रक सहित आरोपी गिरफ्तार
अमृत 2.0 योजना की 49 डीआई पाइप चोरी का खुलासा, 23.50 लाख का मशरूका बरामद

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर / रामनगर। पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना रामनगर पुलिस ने शासकीय योजना में उपयोग हेतु रखी गई डीआई पाइप चोरी के मामले का खुलासा किया है।
पुलिस ने 49 नग डीआई पाइप कीमत करीब 3.50 लाख रुपये एवं चोरी में प्रयुक्त आइसर ट्रक कीमत करीब 20 लाख रुपये कुल 23.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।
क्या है मामला
दिनांक 04.09.2026 को फरियादी उमाशंकर कुशवाहा ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नगर परिषद डोला में बस स्टैंड के पास अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के लिए रखी गई 49 नग डीआई पाइप अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। चोरी गई पाइपों की अनुमानित कीमत 3,50,350 रुपये है। रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 258/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी से पकड़ में आया आरोपी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना रामनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
फुटेज के आधार पर संदिग्ध ट्रक की पहचान कर इंदौर निवासी ट्रक चालक अंसार पटेल पिता इशाक पटेल, उम्र 55 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर उसने नगर परिषद डोला बस स्टैंड के पास रखी डीआई पाइप ट्रक क्रमांक MP 09 GJ 7865 में लोड की थीं। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई 49 नग डीआई पाइप मय ट्रक के पथरौड़ी के पास से बरामद कर ली गई हैं। आरोपी ने बताया कि पाइप लोड कराने वाला व्यक्ति अपना मोबाइल बंद कर लिया था, इसलिए वह पाइप लेकर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाया था। आरोपी द्वारा उक्त व्यक्ति का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया है, जिसकी विवेचना जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
बरामद मशरूका
49 नग डीआई पाइप – अनुमानित कीमत 3,50,350 रुपये
ट्रक क्रमांक MP 09 GJ 7865 (आइसर कंपनी) – कीमत करीब 20 लाख रुपये
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक 84 सनत कुमार द्विवेदी, आरक्षक अनुराग सिंह, आरक्षक अनुराग भार्गव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अनूपपुर पुलिस ने अपील की है कि शासकीय संपत्ति एवं सार्वजनिक निर्माण सामग्री की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाना को दें।




