फुनगा पुलिस की बड़ी सफलता: 25 दिन से लापता 18 वर्षीय छात्रा रायपुर से बरामद, परिजनों को सौंपी


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन में फुनगा पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 25 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 27 जुलाई 2026 को निवासी फुनगा रामबाई ने पुलिस चौकी फुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जो वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास व रिश्तेदारी में तलाश करने के बाद भी कोई पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट पर पुलिस चौकी फुनगा द्वारा धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम, एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य एवं थाना प्रभारी भालूमाड़ा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी, संभावित स्थानों पर दबिश एवं साइबर सेल की तकनीकी मदद से जानकारी जुटाई गई। अथक प्रयासों के बाद आखिरकार 21 अगस्त 2026 को युवती को रायपुर, छत्तीसगढ़ से दस्तयाब कर लिया गया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात युवती को सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और फुनगा पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
उक्त कार्यवाही मे उप निरीक्षक सोने सिंह परस्ते, प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह, आरक्षक वीर सिंह, प्रधान आरक्षक पंकज मिश्रा (साइबर सेल) एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य महेन्द्र पनिका की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही ।



