मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने कराया सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
जांजगीर-चांपा। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा
जांजगीर-चांपा द्वारा पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सामूहिक ऋषि पंचमी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। होटल ग्रीन पार्क अकलतरा रोड जांजगीर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जोन-4 अमर सुल्तानिया की उपस्थिति में तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में किया गया।

शाखा की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी जोड़ों के लिए पूजा-पाठ की आवश्यक सामग्री भोजन नाश्ता तथा ऋषि पंचमी उद्यापन के लिए विशेष आचार्य की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कथा आचार्य गोपाल शर्मा का शाल श्रीफल एवं पुष्पमाला से अभिनंदन एवं स्वागत किया। इसके पश्चात आचार्य गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में ऋषि पंचमी पूजा एवं उद्यापन की विधिवत शुरुआत हुई। पूजा के पश्चात कथा, हवन एवं आरती सहित धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जोन-4 अमर सुल्तानिया ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा लगातार दो वर्षों से सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन का आयोजन किया जा रहा है जो सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से वे लोग भी सामूहिक रूप से ऋषि पंचमी का उद्यापन कर पुण्य के भागी बन सकते हैं जो किसी कारणवश अपने घर पर इसका आयोजन नहीं कर पाते।
शाखा अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने कहा कि उनके अध्यक्ष बनने के बाद लगातार दो वर्षों से सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का उद्यापन करवाने का अवसर मिलना शाखा के लिए भी पुण्य की बात है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया के कार्यक्रम में विशेष समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सुबह 9 बजे प्रारंभ हुए इस आयोजन में विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और विधि-विधान से ऋषि पंचमी का उद्यापन संपन्न कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की प्रांतीय निर्देशक श्रीमती सुनीता मोदी संयोजक श्रीमती शिखा अग्रवाल अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल श्रीमती ज्योति अग्रवाल श्रीमती मधु शर्मा श्रीमती शीला अग्रवाल श्रीमती सुधा झाझड़िया सहित बड़ी संख्या में शाखा के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।





