मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: एसपी ने किया थाना खैरहा और दामिनी भूमिगत खदान की विस्फोटक मैगजीन का निरीक्षण


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को थाना खैरहा का वार्षिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की कार्यप्रणाली, अपराध रजिस्टर, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों के रिकॉर्ड का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निराकरण किया जाए।
इसी क्रम में औद्योगिक सुरक्षा और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की निगरानी के तहत पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित दामिनी भूमिगत खदान की विस्फोटक मैगजीन का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने मैगजीन की सुरक्षा व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और विस्फोटक स्टॉक रजिस्टर के संधारण की जांच की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी डॉ. अग्रवाल ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और पुलिस कर्मियों के टर्नआउट का भी अवलोकन किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और आमजन से शालीन व्यवहार बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



