अनूपपुर: चचाई पुलिस की बड़ी सफलता, अहमदाबाद से गुमशुदा छात्रा को दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर (म.प्र.) – थाना चचाई पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और अथक प्रयास का परिचय देते हुए 3 महीने से लापता नाबालिग छात्रा को गुजरात के अहमदाबाद से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19/05/2026 को फरियादिया निवासी डी.डी. कॉलोनी, चचाई ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री (परिवर्तित नाम) जो शहडोल में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा है और प्रतिदिन घर से कॉलेज आती-जाती थी, दिनांक 16/05/2026 को सुबह 8 बजे शहडोल कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम 5 बजे तक वापस घर न लौटने पर परिजनों ने आस-पास एवं नात-रिश्तेदारियों में काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना चचाई में गुम इंसान क्रमांक 17/26 कायम कर जांच में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी श्री नवीन कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना चचाई पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी क्रम में दिनांक 03/09/2026 को पुलिस की लगन और मेहनत रंग लाई और गुमशुदा बालिका को अहमदाबाद (गुजरात) से सुरक्षित दस्तयाब किया गया। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूर्ण कर बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी चचाई निरीक्षक श्रीमती फूलवती अहिरवार, उप निरीक्षक किरण मिश्रा, प्रधान आरक्षक शिव प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।




