ईद मिलादुन्नबी पर सदा-ए-मदीना कमेटी ने आयोजित की इस्लामी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
मदरसे के छात्र-छात्राओं ने दीनी सवालों के जवाब देकर दिखाई प्रतिभा, हाफिजों व मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान


धनपुरी/शहडोल । ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के तत्वावधान में मदरसे में अध्ययनरत तलबा एवं बच्चों के लिए विशेष इस्लामी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में इस्लाम धर्म, दीनी तालीम एवं धार्मिक विषयों से जुड़े सवाल-जवाब रखे गए। छात्र-छात्राओं के बीच एक-दूसरे से प्रश्न पूछने और उत्तर देने की प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने इस्लामी सवाल-जवाब के माध्यम से अपनी दीनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुछ बच्चों ने दीन के साथ-साथ दुनिया के मौजूदा हालात पर भी अपने विचार प्रस्तुत किए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के अध्यक्ष मकसूद खान बाबा के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम संयोजक एवं मदरसा संचालक मोहम्मद अशफाक लल्लू और कमेटी के सहयोगियों के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नमाज-ए-मगरिब के बाद किया गया, जो देर तक चला। कार्यक्रम में धनपुरी नगर के नागरिकों के साथ अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए।
प्रतियोगिता के समापन के बाद मदरसे के सभी छात्र-छात्राओं एवं तलबा को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कुरआन-ए-पाक हिफ्ज कर हाफिज बनने वाले विद्यार्थियों का भी विशेष सम्मान किया गया। कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण हाजियों के हाथों कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशफाक सिद्दीकी, असलम मामा, मोजम खान, जुल्फिकार अली सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर समाजसेवी राशिद खान, नूरी मस्जिद के सदर शाहनवाज अंसारी, मदीना जमा मस्जिद के सदर मोहम्मद फरीद सहित धनपुरी के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कलाम मोहम्मद एडवोकेट ने किया, जबकि मौलाना अशफाक रिजवी द्वारा दुआ कराई गई। धनपुरी नगर की विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम भी मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में धनपुरी नगर के वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद रफीक खान, राजू कलाम मोहम्मद, बुढ़ार के शौकत अली, नवाब मोहम्मद, हाफिज कलीम, तबरेज खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में दीनी जानकारी के साथ आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में कार्यक्रम संयोजक मोहम्मद अशफाक लल्लू ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, नागरिकों, कमेटी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



