Welcome to Jansarovar Prime   Click to listen highlighted text! Welcome to Jansarovar Prime
मध्य प्रदेश

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से निकली कलश वंदन यात्रा

संत रविदास जी का जीवन भाईचारे और समरसता की प्रेरणा देता है - विधायक मनीषा सिंह

 

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका

जीवित प्राणी परमात्मा का अंश है – संत गीता अनुरागी

शहडोल।संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया।

विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने शहडोल के जय स्तंभ चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया और जनपद पंचायत कार्यालय सोहागपुर से भव्य कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैंड-बाजे के साथ निकाली गई कलश वंदन यात्रा में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संतगण, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

जनपद पंचायत सोहागपुर के सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी का जीवन समाज में समानता, भाईचारे और समरसता की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, समानता और सामाजिक एकता की भावना को और मजबूत करना है। केंद्र एवं राज्य सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर निरंतर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत गीता अनुरागी जी ने कहा कि इस संसार में जीवित प्राणी परमात्मा का ही अंश है। संत रविदास जी ने समाज से अज्ञानता को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाया। ज्ञान होने से जाति-धर्म का भेदभाव समाप्त हो जाता है। संतों द्वारा बताया गया मार्ग हमेशा सुरक्षित होता है।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सिंह ने संत गीता अनुरागी जी को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अमृतवाणी का गायन, भजन सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम को श्री भूपेंद्र मिश्रा ने भी संबोधित किया।

यह समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा 10 सितंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में जिले के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर संत रविदास जी के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिन्हा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर श्रीमती ममता मिश्रा, उपाध्यक्ष जनपद श्री शक्ति सिंह, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रिया सिंह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!