Welcome to Jansarovar Prime   Click to listen highlighted text! Welcome to Jansarovar Prime
मध्य प्रदेश

विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर ABVP ने कुलसचिव को सौंपा 21 सूत्रीय ज्ञापन

 

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका

शहडोल। पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल में विद्यार्थियों को हो रही शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया।

विद्यार्थी परिषद ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक होने के नाते सदैव छात्रहित, राष्ट्रहित एवं समाजहित के विषयों को प्रमुखता से उठाता रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु यह ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित 21 मांगें रखी गईं –

1. वार्षिक कैलेंडर जारी करने के संबंध में – विश्वविद्यालय का नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो चुका है, किंतु अभी तक वार्षिक कैलेंडर जारी नहीं किया गया है। अतः तत्काल वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।

2. निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में पारदर्शिता – शहडोल स्थित विश्वविद्यालय परिसर के खेल मैदान के चारों ओर बाउंड्री वॉल की ऊँचाई बढ़ाने तथा पुराने भवन के रिनोवेशन का कार्य बिना स्पष्ट निविदा प्रक्रिया के कराए जाने की जानकारी सामने आई है। अतः उक्त कार्यों की प्रक्रिया, कार्यादेश एवं व्यय का विवरण सार्वजनिक किया जाए।

3. कृषि विभाग में विभागाध्यक्ष एवं शैक्षणिक व्यवस्था – कृषि विभाग में योग्य प्राध्यापक को विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाए, नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित परीक्षा परिणाम एवं अंकसूचियाँ शीघ्र उपलब्ध कराई जाएँ।

4. फीस एवं परीक्षा फॉर्म संबंधी समस्या – पीजी प्रथम सेमेस्टर में समबल/सम्बद्ध कार्ड स्वीकार करने के बावजूद द्वितीय सेमेस्टर में अस्वीकार कर दोनों सेमेस्टर की फीस एक साथ ली जा रही है। ट्यूशन फीस जमा किए बिना भी परीक्षा फॉर्म भरने की व्यवस्था की जाए तथा फीस बाद में जमा करने की सुविधा दी जाए।

5. परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता – RTI के माध्यम से परीक्षा परिणाम की प्रति उपलब्ध कराई जाए तथा अंकतालिका में Theory (T) एवं Internal (I) के अंक स्पष्ट रूप से दर्शाए जाएँ।

6. PM-USHA योजना के कार्यों की समीक्षा – PM-USHA के अंतर्गत संचालित सेमिनार, कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निष्पक्ष समीक्षा/जाँच कराई जाए।

7. कृषि विभाग में प्रयोगशाला एवं संसाधन – कृषि विभाग में पर्याप्त प्रयोगशाला, उपकरण एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा कृषि संबंधी फीस की समीक्षा कर कमी की जाए तथा विभाग के लिए आवश्यक भूमि का आवंटन किया जाए।

8. परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ाई जाए – द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म की अंतिम तिथि 15 अगस्त थी, जिसकी जानकारी अनेक विद्यार्थियों को नहीं मिल सकी, अतः तिथि में वृद्धि की जाए।

9. लंबित परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएँ – प्रथम एवं चतुर्थ वर्ष की परीक्षाएँ संपन्न हुए दो माह बीत चुके हैं, परिणाम तत्काल घोषित किए जाएँ।

10. विश्वविद्यालय बसों की संख्या बढ़ाई जाए – 10,000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, बस सुविधा शुल्क लेने के बावजूद बसों की संख्या कम है, अतः बसों की संख्या बढ़ाई जाए।

11. नियमित कक्षाओं का संचालन एवं समय-सारणी – सभी विभागों में नियमित कक्षाएँ सुनिश्चित की जाएँ तथा समय-सारणी प्राध्यापकों के नाम एवं संपर्क नंबर सहित सार्वजनिक की जाए।

12. नवलपुर परिसर में खेल सुविधाएँ – नवलपुर परिसर में इनडोर एवं आउटडोर खेलों की पर्याप्त व्यवस्था एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

13. छात्रावास भवन का जीर्णोद्धार – कार्यकारी परिषद् में राशि स्वीकृत होने के बावजूद पुराने छात्रावास के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, तत्काल प्रारंभ किया जाए।

14. वर्ष 2024 की लंबित अंकसूचियाँ उपलब्ध कराई जाएँ – बार-बार आश्वासन के बावजूद 2024 की अंकसूचियाँ लंबित हैं, तत्काल उपलब्ध कराई जाएँ।

15. चिकित्सा सुविधा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था – दोनों परिसरों में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा एवं आपातकाल के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

16. CCTV एवं निःशुल्क Wi-Fi सुविधा – दोनों परिसरों के मुख्य द्वारों सहित आवश्यक स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएँ तथा दोनों परिसरों में निःशुल्क Wi-Fi सुविधा प्रारंभ की जाए।

17. पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी की सुविधा – दोनों परिसरों की लाइब्रेरी में NEP के अनुरूप अद्यतन पुस्तकें एवं ई-लाइब्रेरी सुविधा सुचारु रूप से संचालित की जाए।

18. स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था – दोनों परिसरों में स्वच्छ पेयजल हेतु वाटर कूलर लगाए जाएँ तथा कक्षाओं, परिसर एवं वॉशरूम की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

19. पुराने परिसर में कैंटीन की व्यवस्था – पुराने परिसर में गुणवत्तापूर्ण एवं उचित दर वाली कैंटीन शीघ्र स्थापित की जाए।

20. कंप्यूटर लैब एवं प्रायोगिक सामग्री – दोनों परिसरों में आधुनिक कंप्यूटर लैब एवं प्रायोगिक कार्यों हेतु आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

21. शहडोल परिसर की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत – शहडोल परिसर की सड़क अत्यंत खराब एवं क्षतिग्रस्त है, शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत/पुनर्निर्माण कराया जाए।

ज्ञापन में मांग की गई है कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर समयबद्ध एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्रवाई से विद्यार्थी परिषद् को अवगत कराया जाए।

ज्ञापन सौंपते समय जिला संगठन मंत्री कुणाल निखाड़े, जिला संयोजक अमन त्रिपाठी, विभाग संयोजक अखिलेश सिंह, आकाश मिश्रा, अमन तिवारी, विक्रांत शर्मा, अर्पिता मिश्रा सहित परिषद के कार्यकर्ता एवं विश्वविद्यालय के छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!